
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 जुलाई 2023
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान का जायजा लेने ऊना जिला पहुंचे हैं। सोमवार सुबह केंद्रीय मंत्री ने विधायक सतपाल सत्ती, प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करते हुए नुकसान का जायजा लिया। इस मौके पर उन्होंने सोमभद्रा नदी के पुल के साथ क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का जायजा लिया। इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि हालांकि बाढ़ के चलते हिमाचल प्रदेश भर में भारी तबाही हुई है लेकिन यदि इस जिला की बात करें तो पूर्व भाजपा सरकार के समय पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल द्वारा सोमभद्रा नदी का चैनेलाइजेशन करवाने का फैसला आज सही साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में यह नदी कई किलोमीटर तक फैल कर लोगों को तबाही का मंजर दिखाती थी लेकिन अब चैनेलाइजेशन होने के चलते नुकसान के आंकड़े बेहद कम रह गए हैं।
प्रदेश सरकार द्वारा प्राकृतिक आपदा के दौरान केंद्र सरकार से कोई मदद नहीं मिलने के बयान को लेकर भी अनुराग ठाकुर ने जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं करना चाहते लेकिन प्रदेश की कांग्रेस सरकार जनता को बताने से क्यों कतरा रही है कि केंद्र सरकार ने आरंभिक तौर पर ही करीब 360 करोड रुपए से ज्यादा की मदद प्रदेश को भेज दी है। हालांकि प्रदेश सरकार ही अभी तक नुकसान के आंकड़े केंद्र के समक्ष रखने में कामयाब नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की 13 टुकड़ियां केंद्र द्वारा हिमाचल में भेजी गई, आईएएफ के दो हेलीकॉप्टर यहां रेस्क्यू में जुटे रहे, जिसके चलते सैकड़ों लोगों की जान बचाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के कई नेता और मंत्री उन्हीं हेलीकॉप्टरों में प्रवास करते भी देखे गए। जबकि हिमाचल प्रदेश सरकार के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में हुए नुकसान का पूरा आकलन कर केंद्र को रिपोर्ट भेजे जाने के बाद और भी मदद जारी की जानी है।
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा दिए गए बयान को लेकर भी जमकर लपेटा। बिना भगवंत का नाम लिए उन्होंने कहा कि कुछ लोग जीवन में ऊंचे पदों पर पहुंच जाते हैं लेकिन वह अपनी पुरानी हरकतें छोड़ नहीं पाते है और यही हाल पंजाब के मुख्यमंत्री का है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सभी लोगों को एक दूसरे के साथ संबंध मजबूत करते हुए एक दूसरे का साथ देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकारें हैं और हैरानी इस बात की है कि दोनों ही मुख्यमंत्री अपने सिर पर किसी भी काम का जिम्मा लेते ही नहीं है। इन दोनों का काम सिर्फ दूसरों के सिर पर ठीकरे फोड़ना ही रहा है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन को लेकर दिल्ली सरकार का रवैया नकारात्मक रहा है और कोई भी बैठक नहीं की गई। अनुराग ठाकुर ने आम आदमी पार्टी पर लोगों के प्रति असंवेदनशील होने का आरोप भी लगाया।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*






