फर्जी कोटेशन और टेस्ट रिपोर्ट मामले में ठेकेदार गिरफ्तार, 23 फरवरी तक न्यायिक हिरासत

परवाणू। पुलिस थाना परवाणू में दर्ज FIR संख्या 24/2025 दिनांक 03-03-2025, धारा 420, 467, 468, 471, 120B IPC व 08 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

यह मामला सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV&ACB), दक्षिणी रेंज शिमला की जांच रिपोर्ट के आधार पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता रजा राम भारती निवासी परवाणू ने आरोप लगाया था कि सतीश बेरी पुत्र निक्का राम, निवासी सेक्टर-5 परवाणू, स्वयं को समाजसेवी बताकर विभिन्न सरकारी विभागों के खिलाफ आरटीआई लगाकर अधिकारियों पर दबाव बनाता था और उन्हें ब्लैकमेल कर निजी लाभ के लिए कार्य हासिल करता था।

आरोप है कि सतीश बेरी, जो स्वयं बिजली विभाग का ठेकेदार है तथा उसका पुत्र नगर परिषद परवाणू में सिविल वर्क का ठेकेदार है, ने अधिकारियों को धमकाकर अपने और अपने पुत्र के लिए सरकारी कार्य प्राप्त किए। जांच में यह भी सामने आया कि परवाणू के शमशान घाट के समीप सेक्टर-4 हिमुडा स्लम फ्लैट्स के 83 फ्लैटों की बिजली टेस्ट रिपोर्ट आरोपी द्वारा तैयार कर नगर परिषद को सौंपी गई, जबकि उक्त वायरिंग कार्य हिमुडा द्वारा टेंडर के माध्यम से किसी अन्य ठेकेदार से करवाया गया था।

जांच के दौरान नगर परिषद परवाणू का संपूर्ण रिकॉर्ड कब्जे में लिया गया। रिकॉर्ड के अवलोकन में पाया गया कि कार्य आवंटन के लिए तीन अनिवार्य कोटेशन धोखाधड़ीपूर्ण तरीके से तैयार की गई थीं। इन्हीं कथित फर्जी कोटेशन के आधार पर 11-06-2020 को टेंडर प्राप्त किया गया। उसी दिन 83 फ्लैटों की टेस्ट रिपोर्ट और बिल भी जमा कर दिए गए। दस्तावेजों की कूटरचना पाए जाने पर धारा 467 IPC भी जोड़ी गई।

उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 10-02-2026 को आरोपी सतीश बेरी (73 वर्ष) को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 23 फरवरी 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस द्वारा आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले की जांच निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से जारी है।

Share the news