
आज भारतीय जनता पार्टी, बजौरा मंडल की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें बंजार विधानसभा क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र शौरी स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच मौजूद रहे। बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने स्थानीय समस्याओं को विस्तारपूर्वक विधायक के समक्ष रखा तथा उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के उपरांत जारी प्रेस वक्तव्य में विधायक शौरी ने प्रदेश सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बंजार विधानसभा क्षेत्र वर्तमान सरकार की घोर उपेक्षा का शिकार बन चुका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अधिकांश बस रूट बंद पड़े हैं, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं सड़कों की हालत इतनी दयनीय है कि छोटी गाड़ियों के लिए भी सफर जोखिम भरा हो गया है।
उन्होंने विशेष रूप से राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर बैंती माता मंदिर, सिद्दवा, दाडूधार तथा छेत-पानी जैसे संवेदनशील स्थलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन क्षेत्रों में लगातार हो रहे भूस्खलन के बावजूद स्थायी समाधान के लिए न तो सरकार गंभीर है और न ही संबंधित विभाग कोई ठोस कदम उठा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, अन्य मुख्य सड़कों पर भी कई ऐसे ब्लैकस्पॉट बन चुके हैं, जहां वाहन चालकों को हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है और उन्हें अपनी तथा सवारियों की सुरक्षा के लिए संघर्ष करना पड़ता है।
विधायक शौरी ने कहा कि पर्यटन सीजन अभी प्रारंभ भी नहीं हुआ है, लेकिन सड़कों पर घंटों जाम लगना शुरू हो गया है, जो सरकार की लचर व्यवस्था को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास न तो सड़कों की स्थायी मरम्मत और रख-रखाव की कोई ठोस नीति है और न ही यातायात को सुचारू बनाने के लिए प्रभावी योजना।
अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही स्थिति में सुधार के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो वह समय दूर नहीं जब बंजार विधानसभा क्षेत्र की जनता को सरकार की नाकामी के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।





