
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के दूसरे चरण की कार्यवाही के पहले ही दिन राज्यपाल के अभिभाषण धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान पक्ष-विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। विधानसभा में सत्ता पक्ष की तरफ से धन्यवाद प्रस्ताव को विधायक सुरेश कुमार ने प्रस्तुत किया, जिसका अनुसमर्थन कुलदीप सिंह राठौर ने किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चर्चा के दौरान हस्तक्षेप करते हुए नेता प्रतिपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि मेरी सोच प्रदेश हितैषी है, लेकिन नेता प्रतिपक्ष की सोच ठेकेदार मित्रों तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि नेता प्रतिपक्ष जब मुख्यमंत्री थे, तो वह सिर्फ सपने देखते थे। उन्होंने अपने ठेकेदार मित्रों को खुश करने के लिए 1,000 करोड़ रुपए से ज्यादा के भवन बनाए, जिसका सरकारी कामकाज के लिए उपयोग नहीं हो पाया। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर आरोप लगाया कि धर्मपुर में इनके बड़े मित्र थे। सीएम ने साथ ही कहा कि जयराम ठाकुर के ड्रीम प्रोजैक्ट शिवधाम का निर्माण वर्तमान सरकार कर रही है। पूर्व सरकार के समय में तो इस प्रोजैक्ट की सिर्फ आधारशिला रखी गई थी। उन्होंने कहा कि छतरी में 50 करोड़ रुपए खर्च करके ऐसी आईटीआई बना दी गई, जहां पर सिर्फ 32 विद्यार्थी पढ़ते हैं। सरकार अटल मेडिकल एवं रिसर्च यूनिवर्सिटी को मंडी के नेरचौक से सरकाघाट शिफ्ट कर रही है, जहां सैनिक वैल्फेयर का भवन बना है।
उन्होंने आरोप लगाया कि वाकनाघाट में पूर्व सरकार के समय आईटी के भवन पर 100 करोड़ रुपए खर्च कर दिए, लेकिन वह अधूरा है। इसी तरह प्रदेश में अधूरे कार्यों की फेहरिस्त लंबी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार को अब न तो आरडीजी मिली और न ही जीएसटी का लाभ मिला। इसके बावजूद वर्तमान सरकार चंबा और दूसरे मेडिकल कालेजों के भवन निर्माण को धन दे रही है। उधर, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि यदि मुख्यमंत्री को लगता है कि 1,000 करोड़ रुपए के भवन गलत बनाए गए हैं, तो वह इन पर बुलडोजर चलवा सकते हैं। भाजपा सरकार ने जन भावनाओं के अनुरूप कार्य किया था। जयराम ठाकुर ने विधायक सुरेश कुमार के उस आरोप को खारिज किया कि उनके विधानसभा क्षेत्र में पिछली सरकार के समय 12 विश्राम गृह बनाए गए। उन्होंने कहा कि यह विश्राम गृह नहीं, बल्कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत डीपीआर अप्रूवल के बाद बनाई गई इंस्पैक्शन हट हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार उनके कार्यकाल में बनाए गए भवनों का उद्घाटन करके रिबन काट रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने तीन वर्ष से अधिक का समय बीतने के बाद पूर्व सरकार को हर बात के लिए कोसने की आदत बदलनी होगी।





