बड़ा भंगाल के रास्ते में फंसे भेड़ पालकों को पहुंचाया राशन

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 जुलाई 2023

भारी बारिश से प्रभावित प्रत्येक वर्ग को सहायता उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत है। जिलाधीश कांगड़ा डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि प्रशासन को पिछले दिनों बड़ा भंगाल के रास्ते में कुछ भेड़ पालकों के फंसे होने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए तहसीलदार मुल्थान पूर्ण चंद कौंडल के नेतृत्व में एक टीम भेड़ पालकों की सहायता के लिए रवाना हुई और उन्हें राशन पहुंचाया गया।

प्रशासन की ओर से बड़ा भंगाल में फंसे भेड़ पालकों के लिए 21 राशन किट उपलब्ध करवाई गई हैं। हर किट में 20 किलो आटा, 10 किलो चावल सहित तेल, नमक, दालें, चीनी और चाय इत्यादि जैसी दैनिक जरूरतों का सामान शामिल है। राजस्व एवं अन्य विभाग के कर्मचारियों ने स्वयं मौके पर जाकर भेड़ पालकों का संज्ञान लिया और उन्हें जरूरत का सामान वितरित किया। इसके अलावा भी उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।

डॉ. निपुण जिंदल ने बताया कि बड़ा भंगाल के रास्ते की भी शीघ्र मरम्मत के लिए बीडीओ बैजनाथ को निर्देश दे दिए गए हैं। बरसात से प्रभावित सभी लोगों और वर्गों को राहत पहुंचाने के लिए प्रशासन पूर्ण संवेदनशीलता से कार्य कर रहा है। जिले में बरसात से प्रभावित हुए लोगों को तुरंत फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिए गए हैं। इसके अलावा प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बरसात से निपटने के लिए संवेदनशील इलाकों में रिसोर्सेज का मोबिलाइजेशन किया जा रहा है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news