
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
राष्ट्रीय राजमार्ग-344 पंचकूला-यमुनानगर के बीच स्थित गांव कक्कड़ माजरा पर अल सुबह साढ़े चार बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। इसमें लोहे की टीन से लदे एक तेज रफ्तार ट्राले ने सड़क पर खड़ी डबल डेकर प्राइवेट बस को टक्कर मार दी। यह बस उत्तर प्रदेश के बरेली से हिमाचल प्रदेश के बद्दी जा रही थी। हादसे में सात लोगों की अस्पताल में पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। अन्य सात लोग घायल हो गए। मृतकों में अधिकांश उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। इसमें जिला संभल के रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं।शिकायतकर्ता सुभाष चंद ने बताया कि वह शुक्रवार अल सुबह सैर पर जा रहा था। तभी उसने देखा कि शर्मा ढाबा के पास एक बस बिना लाइट या इंडीकेटर के सड़क पर खड़ी है। इतने में पीछे से एक तेज रफ्तार ट्राले ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद बस पलट गई और ट्राला भी डिवाइडर को पार करते हुए पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की चीख पुकार मच गई। इसके बाद सुभाष की ओर से पुलिस और एंबुलेंस को फोन पर घटना की सूचना दी गई। इसके बाद राहगीरों के साथ मिलकर सुभाष चंद ने बस से लोगों को निकालना शुरू कर दिया। कुछ घायलों को तो प्राइवेट वाहनों में अस्पताल भेज दिया गया। इसके बाद ट्राले के चालक को भी टूटे हुए केबिन से निकालकर अस्पताल भेजा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे कराया।
शहजादपुर थाना पुलिस ने गांव कक्कड़ माजरा निवासी सुभाष चंद की शिकायत पर ट्राला और बस चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। बस चालक की पहचान मुरादाबाद के अमरोहा में गांव गंगवार हसनपुर निवासी फुरकान के रूप में हुई, जबकि ट्राला चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के हाथरस में गांव मितई निवासी चंद्रमोहन के रूप में हुई।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





