बर्फबारी के बाद मौसम खुला पर दुश्वारियां बढ़ीं, 720 सड़कें और 2243 बिजली ट्रांसफार्मर ठप

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

2 फरवरी 2024

Himachal  Weather opened after snowfall, but difficulties increased, many roads and  power transformers stalle
हिमाचल प्रदेश में तीन दिन बारिश-बर्फबारी के बाद शुक्रवार को मौसम तो खुल गया, लेकिन दुश्वारियां बढ़ गई हैं। राज्य में शुक्रवार सुबह 10:00 बजे तक चार नेशनल हाईवे व 720 सड़कें यातायात के लिए बंद थीं। इसके अतिरिक्त 2,243 बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप पड़े हैं। इससे कई क्षेत्रों में ब्लैकआउट हो गया है। बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। बर्फबारी के बाद कई इलाकों में पानी की पाइपलाइन जमने से पेयजल का संकट गहरा गया है। नए साल ही पहली बर्फबारी के बाद शिमला शहर के सर्कुलर रोड सहित उपनगरों की सड़कों पर बर्फ जमने से शुक्रवार बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही ठप रही।

लोग पैदल ही गिरते-फिसलते अपने गंतव्य तक पहुंचे। हालांकि, दोपहर तक एनएच-5 मल्याणा से ढली, छराबड़ा, कुफरी-फागू से शिलारू तक बहाल कर दिया गया। इसी तरह एनएच-705 ठियोग से खड़ापत्थर-हाटकोटी तक बहाल हो गया है।  जिला कुल्लू और जनजातीय क्षेत्र लाहौल में भारी बर्फबारी के बाद दुश्वारियां बढ़ गई हैं। लाहौल में लोनिवि की सभी 134 सड़कें बंद हैं। जबकि कुल्लू में भी एचआरटीसी के 100 से ज्यादा बस रूट प्रभावित हैं। ऐसे में लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है।  वहीं, बिजली के करीब भी करीब 700 ट्रांसफार्मर बंद होने से कई इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बनी है।  वहीं, बर्फबारी से किसान-बागवानों के साथ पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।

रोहतांग दर्रा में छह फीट बर्फ
रोहतांग दर्रा में छह फीट बर्फ दर्ज की गई है। जबकि अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल में साढ़े चार, नोर्थ पोर्टल में डेढ़, सोलंगनाला में तीन, जलोड़ी दर्रा में तीन और केलांग में एक फीट बर्फ दर्ज की गई है। वहीं, जिला कुल्लू के निचले इलाकों तक आधा फीट बर्फ हुई है। चंबा-जोत मार्ग पर लोक निर्माण विभाग बहाली का कार्य शुरू कर दिया है। शुक्रवार सुबह मार्ग पर अत्यधिक बर्फबारी के चलते लोग पैदल ही आवाजाही करते नजर आए। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शैलेश कुमार ने बताया कि विभागीय मशीनरी मार्ग को बहाल करने में जुट गई है। जल्द ही मार्ग को यातायात के लिए बहाल करवा दिया जाएगा।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news