
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
6 मार्च 2023
जल शक्ति विभाग में कार्यरत बहुउद्देशीय कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को एसडीएम चम्बा अरुण कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन से अवगत करवाते हुए प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे गगन सिंह ने बताया कि जल शक्ति विभाग में पैरा नीति के तहत वर्ष 2020 और 2021 में उन्हें बहुउद्देशीय कार्यकर्ता के तौर पर नियुक्त किया गया था।
पैरा नीति के तहत उनकी नियुक्ति 6 घंटे के लिए हुई थी जबकि विभाग द्वारा उनसे बिना अवकाश के 8 से 10 घंटे के लिए कार्य करवाया जा रहा है। वे कठिन परिश्रम तो कर रहे हैं लेकिन उन्हें मात्र 3,900 रुपए प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। महंगाई के इस दौर में 3900 रुपए में उन्हें अपने परिवार का पालन पोषण करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि मार्च माह में आयोजित होने वाले बजट सत्र में उनके मासिक वेतन में वृद्धि की जाए।
साथ ही अन्य विभागों के अनुबंध कर्मचारियों की तर्ज पर उन्हें भी नियमित करने का प्रावधान किया जाए।







