
#ख़बर अभी अभी दिल्ली ब्यूरो*
7 अगस्त 2024
बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद वहां अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं। बांग्लादेश के 27 जिलों में हिंदू मंदिर, घर और कारोबार को निशाना बनाए जाने की खबरे हैं। मेहरपुर के इस्कॉन मंदिर में मूर्तियां तोड़ी गई हैं, तो वहीं रंगपुर में दो हिंदू काउंसलर की हत्या कर दी गई है। बांग्लादेश के कई हिंदु पलायन को तैयार हैं और बार्डर पर पहुंच भी गए हैं। बांग्लादेश के ताजा हालात पर विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को संसद के दोनों सदनों में बयान देते हुए कहा कि वहां के हालात पर भारत सरकार की नजर है। वहां हिंदुओं को निशाना बनाया गया है। यह चिंता की बात है। भारत सरकार बांग्लादेश में अपने नागरिकों के संपर्क में है
इस वक्त वहां करीब 19 हजार भारतीय मौजूद हैं, जिनमें से 9000 छात्र हैं। वहां अल्पसंख्यकों को निशाना बनाया जा रहा है। बांग्लादेश में जो भी सरकार बने उनसे मांग है कि भारत के हाई कमीशन की सुरक्षा की जाए। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर भी हमला किया, जिसके बाद हालात बिगड़े। उन्होंने यह भी बताया कि इस्तीफे के बाद शेख हसीना ने भारत आने की इजाजत मांगी थी। इसके बाद भारत सरकार ने उनके आने की व्यवस्था की। शेख हसीना फिलहाल के लिए भारत में ही हैं। भारत आने के बाद से शेख हसीना सदमे में हैं। सरकार बात करने से पहले उन्हें कुछ समय दे रही है। वह भविष्य को लेकर खुद फैसला लेंगी। विदेश मंत्री ने कहा कि सोमवार को बांग्लादेश में मौजूद भारतीय समुदाय की रक्षा के लिए वहां के आर्मी चीफ से बात की गई है। ढाका के इंडियन हाई कमिश्नर और चिटगांव के एसोसिएट हाई कमिश्नर हमें लगातार रिपोर्ट भेज रहे हैं।





