बालीचौकी में गरजे जयराम ठाकुर, हिम केयर को लेकर सरकार पर साधा निशाना

सिराज विधानसभा क्षेत्र के बालीचौकी में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिम केयर योजना को लेकर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में हिम केयर योजना के तहत आईजीएमसी में लगभग 60 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था, लेकिन वर्तमान सरकार इस मामले में 120 करोड़ रुपये का कथित घोटाला बताकर जनता को गुमराह कर रही है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पहले विधानसभा में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिम केयर में 1100 करोड़ रुपये के घोटाले की बात कही, लेकिन जब वास्तविक आंकड़े सामने रखे गए और यह स्पष्ट हुआ कि उनके कार्यकाल में कुल इलाज ही करीब 441 करोड़ रुपये का हुआ है, तो मुख्यमंत्री को अपनी बात बदलनी पड़ी।

उन्होंने कहा कि अब एक संस्थान में 120 करोड़ रुपये के घोटाले की बात कही जा रही है, जबकि आईजीएमसी में हिम केयर के तहत केवल 60 करोड़ रुपये का ही भुगतान हुआ है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि 120 करोड़ रुपये का घोटाला आखिर कहां से आया।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हिम केयर योजना को बंद करने की मंशा से इस तरह के बयान दे रही है और किसी भी हद तक जाने को तैयार है।

Share the news