बिजली और सड़क की समस्या से गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

26 जून 2023

Angry people jammed due to electricity and road problems
बरोटीवाला(सोलन)। मड़ांवाला-बरोटीवाला रोड की खस्ता हालत और बिजली पानी की समस्या से गुस्साए ग्रामीणों ने पहले बरोटीवाला टोल बैरियर पर चक्का जाम किया। इसके बाद सैंकड़ों लोग पिंजौर-बद्दी नेशनल हाईवे पर मड़ांवाला में धरने पर बैठ गए। जिससे करीब डेढ़ घंटे के बाद जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भाग सिंह दमदमा ने दो दिन के भीतर सड़क ठीक करवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
बरोटीवाला के साथ लगते हरियाणा क्षेत्र में रविवार को बिजली गुल थी। गर्मी से लाचार लोगों ने मंड़वाला व्यापार मंडल के प्रधान सतीश, सुरजीत सिंह, पवन कुमार, पुनीत संगर और श्वेता के नेतृत्व में दर्जनों लोग सड़क पर इकट्ठे हो गए। अभी जाम लगे 20 मिनट ही हुए थे कि, इस बीच बिजली बोर्ड ने तुरंत बिजली चालू कर दी। उसके बाद वहां से उठकर सभी प्रर्दशनकारी मंडावाला चौक स्थित हाईवे पर बैठ गए, जिससे वाहनों को लंबी लंबी कतारें लग गईं। नालागढ़ और बद्दी की ओर से जाने वाले वाहन रुक और यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

इस बीच उपमंडलाधिकारी कार्यालय कालका से अधिकारी, थाना प्रभारी पिंजौर हरविंद्र सिंह, चौकी प्रभारी मंड़ावाला प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग को लेकर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मड़ांवाला हिमाचल की सीमा से सटा हरियाणा का क्षेत्र है जो बरोटीवाला औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ता है। बीते कई सालों से लोग मड़ांवाला बरोटीवाला सड़क की दुर्दशा का दंश लोग झेल रहे हैं। वहीं पंचकूला पिंजौर से बरोटीवाला औद्योगिक क्षेत्र में आने के लिए ट्रक व वाहन चालक इसी रास्ते से होकर निकलते हैं। सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हैं कि कई बार यहां ट्रक व वाहन पलट चुके हैं। रोड की हालत इतनी खस्ता है कि बाजार में भी लोग आने से गुरेज करते हैं और दुकानदारों का व्यापार ठप होकर रह गया है। वहीं इस क्षेत्र में बिजली-पानी की समस्या से लोग बुरी तरह से परेशान हैं। बार-बार हरियाणा सरकार व प्रशासन से गुहार लगाने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

पिंजौर-बद्दी नेशनल हाईवे जाम होने पर मौके पर पहुंची पुलिस व प्रशासन की टीम और जेजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भाग सिंह दमदमा ने प्रदर्शनकारियों को दो दिन के भीतर मार्ग को ठीक करवाने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद लोगों ने जाम खोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने यह भी चेतावनी दी कि अगर दो दिन के भीतर सड़क ठीक नहीं हुई तो उसके बाद दोबारा जाम लगा दिया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

बरोटीवाला-बद्दी नेशनल हाईवे पर चक्का जाम कर प्रदर्शन करते ग्रामीण। संवाद

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news