
संदीप रतवान
बिलासपुर | जिला बिलासपुर के थाना स्वारघाट क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने यह कार्रवाई विशेष अभियान के तहत की है।
जानकारी के अनुसार, बिलासपुर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) व आबकारी अधिनियम की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील कुमार उर्फ मुरली, अनीश मोहम्मद उर्फ जोनू, नमन ठाकुर उर्फ काकू और अंशुल ठाकुर के रूप में हुई है। सभी आरोपी जिला बिलासपुर व सोलन के अलग-अलग क्षेत्रों के निवासी बताए जा रहे हैं।
वहीं, इस मामले में नरेश कुमार (19 वर्ष), निवासी गांव दगड़ाहन अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी बिलासपुर धवल ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कोट कहलूर के एसएचओ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आज सुबह मझारी गांव में छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से करीब 2600 लीटर कच्ची (नॉन-डिस्टिल्ड) लाहन बरामद की, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके साथ ही 30 लीटर तैयार अवैध शराब भी जब्त की गई।
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं, जिनमें एक मामले में 20 लीटर और दूसरे में 10 लीटर अवैध शराब की बरामदगी हुई है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा।





