बिलासपुर में खैर की लकड़ी से भरी पिकअप पकड़ी, तीन हिरासत में

बिलासपुर जिला में अवैध कटान के खिलाफ कार्रवाई करते हुए हिमाचल प्रदेश वन विभाग ने लकड़ी से भरी एक पिकअप वाहन को पकड़कर तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। आरोपियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वन विभाग को सदर रेंज के कुंडी बीट व जगजनेड़ा क्षेत्र में अवैध कटान की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। गुप्त सूचना पर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भाग गया। टीम ने पीछा कर भराड़ी पुल के पास वाहन पकड़ लिया।
तलाशी में खैर की लकड़ी के 50 से अधिक लट्ठे बरामद कर जब्त किए गए। आरोपियों के पास लकड़ी से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। वन विभाग के अनुसार जंगल को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।

Share the news