
बिलासपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला का शव सेप्टिक टैंक से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव की पहचान कर हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका अपने पति और दो देवरों के साथ एक किराये के मकान में रह रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या करने के बाद तीनों आरोपियों ने शव को सेप्टिक टैंक में डाल दिया और मौके से फरार हो गए।
तीनों आरोपी झारखंड राज्य के पलामू जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस को सूचना मिली है कि आरोपी वर्तमान में झारखंड में ही मौजूद हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने झारखंड के पलामू जिला के एसएसपी से संपर्क कर सहयोग का अनुरोध किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन कर उन्हें चिन्हित ठिकानों की ओर रवाना कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।





