कुल्लू। पिरड़ी में देर रात तक सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। रात के अंधेरे में ब्यास में प्रशिक्षकों ने राफ्टें उतारीं और नदी के बीच सर्च ऑपरेशन चलाया गया। रात में ब्यास का पानी इतना ठंडा था कि रूह कांप जाए, इसकी परवाह किए बगैर युवाओं ने अपने कार्य को बखूबी अंजाम दिया।मौका था राफ्टिंग सेंटर पिरड़ी में अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान के माध्यम से चल रहे एडवांस राफ्टिंग गाइड कोर्स का। इसमें बीती सोमवार रात को राफ्ट रेस्क्यू नाइट नेविगेशन मार्च, केजुअल्टी इवेक्यूएशन आदि ड्रिल्स सिखाई गई। प्रशिक्षण में हिस्सा ले रहे 18 प्रतिभागियों को आधी रात को ब्यास नदी में उतारा गया।ब्यास के बीच देर रात तक 18 प्रतिभागी नाइट सर्च ऑपरेशन करते रहे। कोर्स के प्रशिक्षक गिमनर सिंह ने कहा कि एडवांस कोर्स में नाइट सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जरूरी होता है। राफ्टिंग के दौरान कभी भी इस तरह की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए उन्हें इसमें दक्ष होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राफ्टिंग सेंटर से सभी गुर सिखाने के बाद ही इन्हें प्रमाण पत्र जारी किया जाएगा। वहीं प्रतिभागियों में भी रात के अंधेरे में चलाए गए रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर उत्साह देखने को मिला।