
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
9 अप्रैल 2024

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि भाजपा को अपने 10 साल के कार्यकाल का लेखा-जोखा देते हुए बताना चाहिए कि उन्होंने पिछले चुनावों के दौरान लोगों से किए कितने चुनावी वादे पूरे किए हैं। हर साल एक करोड़ लोगों को रोजगार देने व हर एक के खाते में 15 लाख देने के वादे का क्या हुआ। प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में भाजपा की कोई जुमलेबाजी चलने वाली नहीं। आज देश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के सारे रिकॉर्ड टूट गए हैं। ध्रुवीकरण व तुष्टिकरण की राजनीति कर विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। आज जिस प्रकार जांच एजंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है, वह किसी से छिपा नहीं है।
प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के घोषणापत्र को लेकर भाजपा नेताओं की बयानबाजी पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि भाजपा कांग्रेस के घोषणापत्र घबराए हुई हैं। कांग्रेस के पांच न्याय और 25 गारंटियां देश के प्रति कांग्रेस का विजन है, जिसे वह पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में सामाजिक, आर्थिक व राजनीतिक न्याय की हमेशा पक्षधर रही है। आज कांग्रेस देश में हो रहे इस अन्याय के खिलाफ भाजपा से लड़ रही है। उन्होंने कहा कि आज जिस प्रकार देश में लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है, वह बहुत ही दुखदाई है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के साथ प्रदेश विधानसभा उपचुनाव की सभी सीटों पर जीत हासिल करेगी।





