
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
21 सितंबर 2024
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर शुरू हुए विवाद में हिमाचल कांग्रेस भी कूदने वाली है। कांग्रेस ने भविष्य की बड़ी योजना पर काम शुरू कर दिया है। प्रदेश भर में कांग्रेस नेता इसे लेकर शिमला में जुटेंगे। प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने 23 सितंबर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक तय की है। भाजपा की तरफ से आ रहे बयानों के अलावा कांग्रेस कार्यकारिणी में प्रस्तावित कार्यों को लेकर भी इस दौरान चर्चा होगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत पूरा मंत्रिमंडल मौजूद रहेगा। बैठक में भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भी पार्टी की रणनीति पर विचार-विमर्श करते हुए पार्टी नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने बताया कि बैठक में प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सीपीएस, कांग्रेस विधायक, हिमाचल कांग्रेस कमेटी के सभी पदाधिकारी, पिछले विधानसभा चुनाव में रहे पार्टी प्रत्याशी, सभी जिलाध्यक्ष और अग्रणी संगठनों समेत विभागों के राज्य प्रमुख भाग लेंगे। इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी चेतन चौहान और विदित चौधरी विशेष तौर पर शिरकत करेंगे। बैठक प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सुबह 11 बजे शुरू होगी। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने बताया है कि बैठक में भाजपा के किसी भी दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए भी पार्टी नेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।





