मंडी : 500वें वर्ष में प्रवेश के साथ अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में

मंडी। आगामी 16 फरवरी से 22 फरवरी, 2026 तक आयोजित किए जा रहे मंडी के सुप्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 की रौनक अब शहर में साफ़ नज़र आने लगी है। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक इस महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

शहर की साज-सज्जा का कार्य तेज़ी से जारी है। प्रमुख चौक-चौराहों और मंदिरों को आकर्षक रोशनी और रंग-बिरंगी सजावट से सजाया जा रहा है। मेला मैदान में देवताओं के आगमन और उनके बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। साथ ही व्यापारिक डोम, प्रदर्शनी स्टॉल और विभिन्न झूले भी स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

इस वर्ष मंडी नगर की स्थापना के 500वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर शिवरात्रि महोत्सव और भी खास बनने जा रहा है। प्रशासन और आयोजन समिति द्वारा इसे ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए विशेष कार्यक्रमों और सांस्कृतिक संध्याओं की भी तैयारी की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके इस महोत्सव में प्रदेश ही नहीं, देश-विदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन सुरक्षा, यातायात और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को भी सुदृढ़ बनाने में जुटा है।

मंडी की देव संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम इस बार स्वर्णिम 500वें वर्ष के साथ और भी भव्य रूप में देखने को मिलेगा।

Share the news