मशरूम खाने के साथ प्रोटीन ही नहीं बल्कि अदरक और तुलसी समेत अन्य औषधीय गुण भी मिलेंगे

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

6 जून 2023

अब मशरूम खाने के साथ प्रोटीन ही नहीं बल्कि अदरक और तुलसी समेत अन्य औषधीय गुण भी मिलेंगे। ढींगरी मशरूम पर किए गए शोध के बाद इसकी गुणवत्ता जांच में यह पता चला। मशरूम निदेशालय चंबाघाट सोलन के वैज्ञानिकों ने ढिंगरी मशरूम को अदरक और तुलसी के अवशेषों पर उगाया था। इसकी गुणवत्ता जांच की जा रही थी कि इसमें कितने औषधीय गुण आए हैं। अब इसे आगामी जांच के लिए पंजाब की आधुनिक लैब में भेजा जा रहा है। यहां पर किस औषधि के कितने फीसदी गुण इसमें आए हैं, इसका पता चल सकेगा। प्रशिक्षण में सफलता मिलने के बाद अब ढींगरी मशरूम खाने से कई बीमारियों में फायदा होगा। इससे जहां हमारा दिल स्वस्थ रहेगा, वहीं हमार इम्यून सिस्टम (प्रतिरक्षा तंत्र) भी मजबूत होगा। साथ ही पाचन शक्ति के लिए भी ढींगरी मशरूम बेहतर स्रोत बन जाएगा। विशेषज्ञों का दावा है कि ढींगरी मशरूम में अब इतने औषधीय गुण आ जाएंगे कि इसके खाने से शरीर की कई बीमारियाें में राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार खुंब अनुसंधान निदेशालय के वैज्ञानिकों की ओर से औषधीय पौधों के अवशेषों पर ढिंगरी मशरूम उगाने का सफल प्रशिक्षण किया है। अब तैयार मशरूम की गुणवत्ता का शोध किया जा रहा है। इसके बाद डीएमआर की ओर से लेमन ग्रास, हल्दी पर भी शोध शुरू किया जाएगा। सफलता मिलने पर मशरूम बेहतरीन आहार के साथ प्राकृतिक जड़ी-बूटियों के गुणों के साथ तैयार होगी। इस शोध पर डीएमआर सोलन के वैज्ञानिक डॉ. बृज लाल अत्री और डॉ. अनुराधा की ओर से काम किया जा रहा है। देशभर में वर्तमान में ढींगरी मशरूम गेहूं के भूसे, गन्ने की खोई और पराली पर भी तैयार की जा रही है। खुंब निदेशालय की ओर से पहली बार औषधीय पौधों पर मशरूम तैयार करने का शोध किया जा रहा है। वैज्ञानिकों का दावा है कि मशरूम स्वाद के साथ यह औषधीय गुणों से भरपूर होगी।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news