
महिला आयोग के पास एक साल में पहुंचीं शिकायतों के आंकड़ों से इसका खुलासा हुआ है। आयोग के पास पूरे प्रदेश से एक साल में 178 शिकायतें आई हैं जिसमें से 61 अकेले जिले से हैं।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
11 नवंबर 2022
हिमाचल प्रदेश में महिला उत्पीड़न और प्रताड़ना के सबसे ज्यादा मामले जिला शिमला से सामने आ रहे हैं। महिला आयोग के पास एक साल में पहुंचीं शिकायतों के आंकड़ों से इसका खुलासा हुआ है। आयोग के पास पूरे प्रदेश से एक साल में 178 शिकायतें आई हैं जिसमें से 61 अकेले जिले से हैं। महिला आयोग के अनुसार अप्रैल 2021 से मार्च 2022 तक आई इन शिकायतों में ज्यादातर पति और ससुराल पक्ष की ओर से प्रताड़ित करने के मामले हैं। शिमला के अलावा कांगड़ा जिला दूसरे नंबर पर है। कांगड़ा से 40 और मंडी से 22 शिकायतें आई हैं।
अकेले जिला शिमला से इतनी ज्यादा शिकायतें आने से महिला आयोग भी हैरान है। आयोग के पास आई 176 शिकायतों में से 79 का निपटारा कर दिया है। प्रदेश महिला आयोग की सदस्य सचिव बुशरा अंसारी ने बताया कि 2020 से 2021 तक 152 शिकायतें आई थीं। इनमें भी ज्यादातर ससुराल पक्ष की ओर से महिलाओं को प्रताड़ित करने की हैं। 2020-21 की तुलना में 2021-22 में शिकायतों का आंकड़ा बढ़ा है।
जिले से कितनी शिकायतें
शिमला 61
सोलन 14
कांगड़ा 40
ऊना 5
सिरमौर 4
मंडी 22
कुल्लू 6
चंबा 7
हमीरपूर 12
बिलासपूर 5
किन्नौर 1
लाहौल—स्पीति 1
ऐसे करेें शिकायत दर्ज
महिला आयोग के पास पीड़ित महिलाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से शिकायतें दर्ज करवा सकती हैं। ऑफलाइन शिकायत के लिए महिला आयोग को घटित हुई पूरी घटना, अपने नाम, पते और फोन नंबर के साथ लिखकर अपने नजदीकि डाकघर से स्पीड पोस्ट करके दे सकते हैं। इसके अलावा ऑनलाइन शिकायत महिला आयोग की वेबसाइट http://hpwomencommission.hp.gov.in पर की जा सकती है। रजिस्ट्रेशन के ऑप्शन पर क्लिक करें। इसके बाद रस्ट्रिेशन फार्म में पूछी गई जानकारी भरनी होगी। वेबसाइट पर आपको हरेक जिले के हेल्प लाइन नंबर भी मिल जाएंगे। यदि आपका मामला किसी कोर्ट या महिला आयोग के समक्ष लंबित है तो आपको इसका जवाब हां या ना में देना होगा। हां की स्थिति में आपको परिवाद (केस) नंबर का उल्लेख करना होगा। आपको घटना की पूरी जानकारी लिखनी होगी कि आपके साथ क्या, कब और कहां हुआ। इसके बाद कैप्चा कोड डालें और सबमिट के ऑप्शन पर क्लिक करें। फार्म भरने के बाद आपको एक रसीद आवंटित की जाएगी इसे आप भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित रख लें। इसके अलावा आप इनकी मेल shimlahpscw@gmail.com पर भी शिकायत कर सकते हैं। इसमें विडियो भी भेज सकते हैं।





