मेघालय में बीएसएफ जवान शहीद, 20 दिन पहले छुट्टी काट कर ड्यूटी पर लौटा था

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

10 अगस्त 2023

Himachal News: BSF jawan killed in elephant attack in South Garo Hills Meghalaya

कांगड़ा जिले के विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के अधीन पंचायत परगोड़ का जवान शहीद हुआ है। प्राप्त जानकारी अनुसार शहीद विजय कुमार (41) पुत्र सागर सिंह वर्धन वर्ष 2002 में बीएसएफ में भर्ती हुआ था। विजय कुमार मौजूदा समय में मेघालय में बतौर हवलदार कार्यरत था। 9 अगस्त को मेघालय में ड्यूटी के दौरान हाथियों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया जिससे उनकी मौत हो गई।

इसकी सूचना परिवार को मिली तो परिवार सहित पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है तथा घर में परिवार को ढांढस बंधाने वालों का तांता लगा हुआ है। शहीद विजय कुमार अभी 20 दिन पहले ही छुट्टी काटकर ड्यूटी पर लौटा था। शहीद के पिता सूबेदार सागर सिंह बीएसएफ से सेवानिवृत्त हैं जबकि माता स्वर्णा देवी गृहिणी है।

शहीद विजय कुमार अपने पीछे माता-पिता, पत्नी सुलक्षणा (37) व तीन बेटियां कुमकुम (15) शगुन (12) व सहज (4) को छोड़ गया है। प्राप्त जानकारी अनुसार शहीद विजय कुमार की पार्थिव देह मेघालय से हवाई जहाज के माध्यम से दिल्ली पहुंचाई गई है। शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news