
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
28 जुलाई 2023

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में अक्तूबर में होने वाले आईसीसी वर्ल्ड कप के मैचों की तैयारियों को लेकर आईसीसी और बीसीसीआई की टीम 2 अगस्त को धर्मशाला आएगी। टीम धर्मशाला में विश्व कप की तैयारियों की जानकारी भी लेगी। वहीं, स्टेडियम में विश्व कप मैचों के दौरान खिलाड़ियों, मैच ऑफिशियल के लिए की जाने वाली व्यवस्थाओं के बारे में जायजा लेगी। जानकारी के मुताबिक आईसीसी और बीसीसीआई की संयुक्त टीम विश्व कप मैचों के लिए प्रस्तावित स्टेडियमों का दौरा करेगी। टीम स्टेडियम से लेकर होटल तक खिलाड़ियों और ऑफिशियल की सुरक्षा, होटल में खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था के अलावा अन्य सुरक्षा प्रबंधों को भी एचपीसीए से ब्योरा लेगी।
इसके अलावा स्टेडियम में दर्शकों के बैठने की क्षमता, स्टेडियम में प्रवेशद्वार और आपदा प्रबंधों के बारे में पूरी जानकारी लेगी। धर्मशाला स्टेडियम में अक्तूबर में वनडे विश्व कप के पांच मैच खेले जाने हैं। पहला मैच 7 अक्तूबर को बांग्लादेश-अफगानिस्तान के बीच होगा। 10 को बांग्लादेश-इंग्लैंड, 17 को दक्षिण अफ्रीका-नीदरलैंड, 22 को न्यूजीलैंड-भारत और 28 को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच भिंड़त होगी। एचपीसीए के सचिव अवनीश परमार ने कहा कि आईसीसी और बीसीसीआई के ऑफिशियल की संयुक्त टीम दो अगस्त को धर्मशाला स्टेडियम को दौरा करेगी।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





