
कुल्लू,
राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के हिंदी विभाग द्वारा आज ‘हिंदी में रोजगार की संभावनाएँ’ विषय पर एक दिवसीय अतिथि व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता उत्तराखंड के चमन लाल महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुशील उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्वीकरण के इस युग में हिंदी का दायरा अत्यंत विस्तृत हो चुका है। उन्होंने जोर देकर कहा, “आज हिंदी केवल संवाद की भाषा नहीं रह गई है, बल्कि यह मीडिया, सिनेमा, विज्ञापन, अनुवाद, डिजिटल कंटेंट, पत्रकारिता और सरकारी-निजी क्षेत्रों में उज्ज्वल करियर के अनेक द्वार खोल रही है।”
डॉ. उपाध्याय ने छात्र-छात्राओं को हिंदी भाषा से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध बढ़ती नौकरी के अवसरों तथा आवश्यक कौशलों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. रूपा ठाकुर ने की। इस अवसर पर विभाग के अन्य सम्मानित शिक्षकगण डॉ. कंचन, प्रो. गोपी, प्रो. अमन, प्रो. संगीता एवं डॉ. हेम राज और डॉ निर्मला सिंह आदि उपस्थित रहे।
व्याख्यान में हिंदी विभाग के लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन सत्र में विद्यार्थियों ने मुख्य वक्ता से प्रत्यक्ष संवाद कर रोजगार संबंधी तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर महत्वपूर्ण प्रश्न किए और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कुल्लू ब्यूरो सुशांत शर्मा कि रिपोर्ट





