
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
4 मार्च 2023
धर्मपुर से रोहड़ू वाया शिमला चलने वाली रात्रि बस सेवा के अचानक बंद होने से सरकाघाट और धर्मपुर उपमंडलों के लोगों ने परिवहन निगम के प्रति रोष जताया है। करीब तीन दशकों से लगातार लोगों को सेवाएं दे रही रात्रि बस सेवा को कोरोना काल में अस्थायी तौर पर बंद किया था। इसके बाद बस सेवा शुरू नहीं की गई है।बता दें कि यह बस सेवा करीब तीन दशकों से क्षेत्र की लगभग एक लाख की आबादी को सुविधाएं दे रही थीं। मगर कोरोना काल के बाद बस सेवा के बंद होने से क्षेत्र की जनता को परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। लोगों ने प्रदेश सरकार व परिवहन निगम के आलाधिकारियों से पुरजोर मांग की है कि इस बस सेवा को पुन: बहाल किया जाए, ताकि लोगों में रात के समय शिमला पहुंचने में सुविधा मिल सके।
ग्राम पंचायत प्रधान चोलथरा मेहर चंद गारला, उप प्रधान विजय बनयाल, सहित अन्य लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द इस बस सेवा को बहाल किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल पांच-दस दिनों के ट्रायल न कर इसे नियमित रखा जाए, ताकि लोग इसकी विश्वसनीयता बनाएं रखें अन्यथा जनता परिवहन कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होगी।क्षेत्रीय प्रबंधक सरकाघाट मेहर चंद ने बताया कि इस रूट को बहाल करने के लिए लॉकडाउन के बाद ट्रायल किए थे, जिसमें सवारियों की कमी को देखते हुए इसे बंद कर दिया गया है। पुन: चलाने के लिए हेड क्वार्टर से बात की जा रही है, जैसे ही इसके लिए सरकार या उच्च कार्यालय की ओर से आदेश आएंगे इसको बहाल कर दिया जाएगा।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





