
रामपुर (शिमला)
थाना रामपुर में 24-02-2026 को सूचना प्राप्त हुई कि 13 वर्षीय छात्रा कविता की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। बताया गया कि कविता 23-02-2026 को स्कूल से घर लौटते समय रास्ते में गिर गई थी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए खनेरी अस्पताल लाया गया था।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तस्दीक हालात के लिए एमजीएमएससी खनेरी अस्पताल पहुंची। शव गृह में मृतका कविता पुत्री बिटू राम, निवासी गांव पाट दामिणी, डाकघर काशापाट, तहसील रामपुर, जिला शिमला (हि.प्र.), उम्र 13 वर्ष के शव का महिला पुलिस अधिकारी द्वारा परिजनों की मौजूदगी में निरीक्षण किया गया।
प्राथमिक निरीक्षण में मृतका के शरीर पर गिरने के कारण हल्की खरोंचें तथा अंदरूनी चोटें प्रतीत हुईं। मृत्यु के कारणों की पुष्टि के लिए मेडिकल ऑफिसर, एमजीएमएससी खनेरी द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट (PMR) आगामी समय में उपलब्ध करवाई जाएगी।
पोस्टमार्टम उपरांत शव को अंतिम संस्कार हेतु विधिवत कार्रवाई पूरी कर मृतका के पिता बिटू राम के सुपुर्द कर दिया गया।
परिजनों के बयानों के अनुसार, 23-02-2026 को कविता अपनी बहन के साथ स्कूल गई थी। शाम करीब 4:30 बजे स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौटते समय दामनी के समीप मकान के साथ लगते रास्ते पर उसका पैर फिसल गया, जिससे सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मृत्यु हो गई।
मामले में पुलिस द्वारा धारा 194 बीएनएसएस (2023) के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।





