
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
18 जनवरी 2023
हिमाचल प्रदेश के लोकनिर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने फेसबुक के माध्यम से जनता से खराब सड़कों के नाम पूछे तो 21 घंटों में लोगों ने ऐसी 12 हजार सड़कें गिना दीं। प्रदेश की जनता ने राजधानी शिमला से लेकर दूरदराज के क्षेत्रों की सड़कों की सोशल मीडिया पर पोल खोल कर रखी दी। कई लोगों ने सड़कों की फोटो अपलोड कर बीते लंबे समय से मरम्मत नहीं होने का दुखड़ा भी रोया।
युवा मंत्री विक्रमादित्य सिंह की इस पहल को हजारों लोगों ने सराहा भी। लिखा कि पहली बार किसी मंत्री ने इस तरह की जानकारी मांगी है। इससे उम्मीद जगी है कि खस्ताहाल सड़कों की हालत में जल्द सुधार भी होगा। प्रदेश के सभी जिलों से मंत्री की फेसबुक पोस्ट पर कमेंट आए हैं। लोगों ने मुख्य सड़कों के साथ-साथ संपर्क सड़कों की हालत से मंत्री को अवगत कराया। कई लोगों ने यह भी लिखा कि कई क्षेत्रों में विभागीय अधिकारी खुद सड़कों की मरम्मत करवाने में अड़ंगा फंसाते हैं। ऐसे अधिकारियों पर भी नकेल कसी जानी चाहिए। कुछ लोगों ने लिखा कि उम्मीद है कि सड़कों की मरम्मत फेसबुक पर ही नहीं होगी। अधिकारी और कर्मचारी मौके पर जाकर भी स्थिति का जायजा लेंगे।
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*





