विधानसभा अध्यक्ष ने चम्बा-भरमौर एनएच पर हुए भूस्खलन का लिया जायजा

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

17 जुलाई 2023

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चम्बा से भरमौर राष्ट्रीय उच्चमार्ग पर भारी भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हुए विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। इस दौरान विधायक भरमौर डॉ. जनक राज, जिला परिषद सदस्य ललित ठाकुर व उपायुक्त अपूर्व देवगन भी उपस्थित रहे।

कुलदीप सिंह पठानिया ने राष्ट्रीय जल विद्युत निगम की विद्युत परियोजना चमेरा द्वितीय के बांध परिसर बग्गा के साथ तथा लोथल गांव के पास उच्च मार्ग के भारी भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हिस्से के स्थाई समाधान को लेकर राष्ट्रीय जल विद्युत निगम एवं लोक निर्माण विभाग की उच्च मार्ग इकाई के अधिकारियों को आरसीसी तकनीक के आधार पर सड़क निर्माण के आदेश दिए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारी बारिश एवं बादल फटने की घटनाओं से संपूर्ण प्रदेश में सरकारी और गैर सरकारी अवसंरचनाओं को काफी क्षति पहुंची है। प्रदेश सरकार एक उचित व्यवस्था बनाकर प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करेगी।

भारी बारिश और बादल फटने की घटनाओं से ज़िला में विभिन्न विभागीय परिसंपत्तियों एवं परियोजनाओं के अंतर्गत सड़क सुविधा, विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति की पुनर बहाली को लेकर विधानसभा अध्यक्ष ने जिला प्रशासन के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने उपायुक्त को ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित बनाने को भी कहा। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष को चम्बा से लेकर भरमौर तक विभिन्न स्थानों पर लोगों ने प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान को लेकर अपने मांग पत्र एवं शिकायतें सौंप कर शीघ्र समाधान का आग्रह किया।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news