

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
19 नवंबर 2022
व्हाइट हाउस ने शुक्रवार को कहा कि इंडोनेशिया में हाल में संपन्न हुए G20 शिखर सम्मेलन की बाली घोषणापत्र संबंधी बातचीत में भारत ने अहम भूमिका निभाई। व्हाइट हाउस ने यह कहने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की कि आज का युग युद्ध का नहीं होना चाहिए। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरेन ज्यां पियरे ने अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘भारत ने शिखर सम्मेलन के घोषणापत्र संबंधी बातचीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट किया कि आज का युग युद्ध का नहीं होना चाहिए।”
समूह के सभी सदस्यों और अंतरराष्ट्रीय समुदाय का कहना है कि भारत की अध्यक्षता G20 के इतिहास में महत्वपूर्ण साबित होगी। पियरे ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के संबंध इस नतीजे के लिए महत्वपूर्ण थे और हम भारत की अगले साल जी-20 अध्यक्षता के दौरान सहयोग करने के लिए तत्पर हैं। हम अगली बैठक की प्रतीक्षा कर रहे हैं।” उन्होंने बताया कि बाइडन ने शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विडोडो से बात की।





