
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन
23 मई 2023
चिड़गांव पुलिस थाना के तहत सीमा में बीती रात एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पब्बर नदी में जा गिरी। इस हादसे में शादी से लौट रहे तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। घायलों का रोहड़ू अस्पताल में उपचार किया जा रहा है। शवों को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम करवा रही है। साथ ही मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी गई है। पुलिस को दिए बयान में रामपुर के गोपालपुर निवासी करूण चौहान ने बताया कि बीती रात वह अपने चार दोस्तों के साथ चिडग़ांव के थाना में शादी समारोह में भाग लेने कार में गए थे। देर रात करीब 12:30 बजे जब वह सीमा के पास पहुंचे तो उनकी कार अनियंत्रित होकर पब्बर नदी में जा गिरी।
इस हादसे में रामपुर के कराली निवासी 18 वर्षीय श्रेय नेगी, कूल गांव के 18 वर्षीय रिशव व दर्शल तकलेच के 20 वर्षीय जयवीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार चालक बरशील निवासी रमन व करूण घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही चिड़गांव पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर घायलों को रोहड़ू अस्पताल पहुंचाया। एसएचओ चिड़गांव अमित शर्मा ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शवों का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
ख़बर अभी अभी ब्यूरो सोलन






