
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
9 मार्च 2023
प्रारंभिक और उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से जिला हमीरपुर के छह शिक्षा खंडों में स्कूल बैग का आवंटन शुरू कर दिया है। शीघ्र ही पहली, तीसरी, छठी और नौवीं कक्षा के 13782 विद्यार्थियों को स्कूल बैग मिलेंगे। हालांकि शिक्षा विभाग के पास पांच माह पूर्व स्कूल बैग की सैंपल रिपोर्ट पहुंच चुकी थी। लेकिन प्रदेश में विधानसभा चुनाव के चलते आचार संहिता लगने के कारण विद्यार्थियों को बैग नहीं मिल पाए थे। बाद में कांग्रेस सरकार का कार्यकाल होने से बैग पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की फोटो होने से सरकार ने स्कूल बैग के आवंटन पर रोक लगा दी थी।
अब चार माह बाद शिक्षा निदेशालय की ओर से सरकार के निर्देशानुसार मुख्यमंत्री सुक्कू की फोटो के स्टिकर जिला शिक्षा उपनिदेशकों को बांटे गए हैं। इन स्टिकरों के माध्यम से स्कूल बैगों पर लगी पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की फोटो को ढका जाएगा और स्कूलों में विद्यार्थियों को बैग आवंटित किए जाएंगे। स्टिकरों पर मुख्यमंत्री सुक्खू का फोटा छपा है। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री का चेहरा छिपाने के लिए तथा नए मुख्यमंत्री का चेहरा दिखाने के लिए स्टिकर का इस्तेमाल किया जा रहा है। बैगों के आवंटन के दौरान शिक्षकों को सीएम की फोटो के स्टिकर भी आवंटित किए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की फोटो के साथ ही विद्यार्थियों को स्कूल बैगों का आवंटन किया जा रहा है। खंड स्तर पर स्कूल का आवंटन शुरू कर दिया गया है।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





