
#खबर अभी अभी कांगड़ा ब्यूरो*
22 अक्तूबर 2024
नगरोटा बगवां(कांगड़ा)। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा क्षेत्र में गुणात्मक सुधार और नवाचार के लिए महत्वपूर्ण कदम उठा रही है, ताकि सरकारी शिक्षण संस्थानों में पढ़ रहे बच्चों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि राज्य भर में शैक्षिक मानकों को बढ़ाने और शिक्षक प्रशिक्षण प्रणाली में सुधार करने के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। सोमवार को हटवास में उपमंडल स्तरीय बाल विज्ञान मेले का शुभारंभ करने के बाद प्रतिभागी बच्चों को संबोधित करते हुए बाली ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण तंत्र को मजबूत करने के लिए राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) और सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट) को सशक्त करने का निर्णय लिया है।इस मेले में कांगड़ा और नगरोटा बगवां उपमंडल के 79 स्कूलों के 422 बच्चे भाग ले रहे हैं और उनके साथ विभिन्न स्कूलों के लगभग 140 अध्यापक आए हैं। को-ऑर्डिनेटर रविंद्र ठाकुर ने बताया कि इस बाल विज्ञान मेले का आयोजन साइंस और टेक्नोलॉजी विभाग की तरफ से करवाया जा रहा है, जिसमें कुल तीन तरह की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। इस अवसर पर मुख्यातिथि ने विभिन्न स्कूलों द्वारा बाल विज्ञान मेले में लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस अवसर पर एसडीएम नगरोटा मुनीष शर्मा व अन्य गणमान्य उपस्थित थे।हिमाचल प्रदेश टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के भवन का किया निरीक्षण
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष आरएस बाली ने हिमाचल प्रदेश टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के नगरोटा स्थित भवन का निरीक्षण भी किया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों को भवन को सुचारू रूप से चलाने से पूर्व तमाम कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।





