शिमला में समर टूरिस्ट सीजन ने पकड़ी रफ्तार, दो दिन में 35 हजार वाहन पहुंचे शिमला

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

15 मई 2023

 मौसम खुलने के बाद भारी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर रहे हैं। वीकेंड पर शनिवार और रविवार को  करीब 35,000 वाहन शोघी बैरियर से शहर में आए और गए। करीब 14,000 लोगों ने सर्कुलर रोड से मालरोड पहुंचने के लिए पर्यटन विकास निगम की लिफ्ट का इस्तेमाल किया। शनिवार को 14,000 और रविवार को 12,000 लोगों ने लिफ्ट का इस्तेमाल किया।

दो दिन के भीतर 26,000 लोगों ने लिफ्ट से आवाजाही की है। शनिवार के बाद रविवार को भी शिमला में सैलानियों की खूब रौनक रही। दिनभर सैलानियों ने रिज मैदान और मालरोड पर घूमने फिरने का आनंद उठाया। रिज मैदान पर सैलानियों ने फोटोग्राफी और घुड़सवारी का भी लुत्फ लिया। भारी संख्या में सैलानी रविवार को जाखू मंदिर में भंडारे में भी पहुंचे। शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, मशोबरा और नालदेहरा में भी रविवार को सैलानियों की खूब रौनक रही।

शिमला होटल एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस वीकेंड से शिमला में सैलानियों की संख्या बढ़नी शुरू हो गई है। शनिवार के बाद रविवार को भी शिमला में सैलानियों की खूब रौनक रही। ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के महासचिव मनु सूद ने बताया कि अगले हफ्ते से शिमला में सैलानियों की संख्या में भारी इजाफा होने की संभावना है। होटलों में कमरों की एडवांस बुकिंग में तेजी आनी शुरू हो गई है।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news