
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*
17 नवम्बर 2023
मुख्य संसदीय सचिव (उद्योग, राजस्व एवं नगर नियोजन) एवं दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि भाई-दूज के अवसर पर मेला आयोजित करना एक सराहनीय पहल है। राम कुमार गत सांय दून विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मंडेसर के दांवटा में भाई-दूज के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय मेले के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।राम कुमार ने कहा कि भाई-दूज का त्यौहार भाई-बहन के पवित्र बंधन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस पवित्र त्यौहार को मेले के रूप में मनाना एक बेहतरीन कदम है। उन्होंने कहा कि मेलों एवं त्यौहार से लोगों को आपस में जुड़ने का अवसर प्राप्त होता। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध संस्कृति को संजोए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने आशा जताई कि भविष्य में भी यह मेला विधिवत रूप से आयोजित होता रहेगा ताकि युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति की गहन जानकारी प्राप्त हो सके। मुख्य संसदीय सचिव ने मेले में आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। प्रथम दिवस पर आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम जडयाना तथा उप विजेता टीम दभोटा रही। द्वितीय दिवस पर आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में विजेता टीम शक्ति घाट तथा उप विजेता टीम दभोटा रही।
वॉलीबाल प्रतियोगिता में विजेता टीम नवचेतन युवा मंडल दांवटा तथा उप विजेता टीम बडोली को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। राम कुमार ने नवचेतन युवा मंडल दांवटा को कबड्डी मैट के लिए 01 लाख रुपए, दांवटा खेल मैदान में मंच पर शैड निर्माण के लिए 01 लाख रुपए, झायली संपर्क मार्ग को पक्का करने के लिए 01 लाख रुपए प्रदान करने तथा जैठी में 20 हजार लीटर पेयजल टैंक बनवाने की घोषणा की। उन्होंने दांवटा स्कूल में कमरे की छत की मुरम्मत के लिए डेढ़ लाख रुपए उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
उन्होंने नवचेतन युवा मंडल को अपनी ऐच्छिक निधि से 15 हजार रूपए देने की घोषणा भी की।उन्होंने महिला मंडल दांवटा को जमीन स्थानांतरित होने पर भवन बनवाने का आश्वासन दिया तथा दांवटा में बिजली ट्रांसफार्मर को स्तरोन्नत करने की घोषणा की।राम कुमार ने लोक निर्माण विभाग कसौली के अधिशाषी अभियंता को दांवटा स्कूल के लिए संपर्क मार्ग को पक्का करने तथा व्यवस्थित ढंग से नालियां बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को सनौगी में हैंडपंप के लिए मोटर लगाने के निर्देश भी दिए।उन्होंने सनौगी लोह पथ पुल के निर्माण तथा च्याला लोह पथ पुल की मुरम्मत करवाने की घोषणा भी की।
उन्होंने दांवटा नाला से बेपड़ रोड में पानी की निकासी के लिए व्यवस्थित पुलियां लगवाने की घोषणा की तथा मंडेसर पंचायत में परिस्थिति के अनुरूप पटवार सर्कल खोलने का आश्वासन दिया।
राम कुमार ने इस अवसर पर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी और इन्हें शीघ्र निपटाने के सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए।इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के सांस्कृतिक दल ने रंगारंग कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। ग्राम पंचायत दाड़वा के प्रधान व खण्ड कांग्रेस दून के कार्यकारी अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत दांवटा के उप प्रधान हरिदास, ग्राम पंचायत जाडला के पूर्व प्रधान प्रेम ठाकुर, दांवटा के वार्ड पंच सुभाष चंद, अन्य ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि, दांवटा के समाजसेवी नरवीर सिंह, महेंद्र सिंह कंवर, नवचेतन युवा मंडल दांवटा के प्रधान विशाल व उप प्रधान ऋषभ तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी इस अवसर पर उपस्थित थेे।
#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*





