# सत्ता परिवर्तन के बाद विकास को लगा ग्रहण : रजत ठाकुर

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

4 जुलाई 2023

धर्मपुर भाजपा ने विकास तीर्थ यात्रा की शुरूआत पार्टी कार्यालय धर्मपुर से की। इसके माध्यम से क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को बताया जाएगा कि पूर्व भाजपा सरकार ने धर्मपुर क्षेत्र में कितने विकास कार्य करवाए और जब से कांग्रेस सरकार बनी है, तब से यह सभी कार्य बंद हो गए हैं।

इस जत्थे को मंडलाध्यक्ष लेखराज व प्रदेश भाजपा मीडिया प्रभारी रजत ठाकुर, मंडल महामंत्री प्रताप सकलानी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए रजत ठाकुर ने कहा कि पूर्व जयराम सरकार में वरिष्ठ मंत्री रहे महेन्द्र सिंह ठाकुर ने धर्मपुर में विकास की झड़ी लगा दी थी, लेकिन जैसे ही प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ, विकास को ग्रहण लग गया और सभी विकास कार्य ठप हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने यह तय किया है कि जो विकास कार्य हुए हैं, उनसे पार्टी कार्यकर्ताओं को अवगत करवाया जाए। इसकी शुरूआत खाला क्षेत्र के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से की गई है। इस मुहिम के लिए उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया क्योंकि इससे सभी लोगों को पता चलेगा कि धर्मपुर में पूर्व सरकार में कितना विकास हुआ।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news