सरकाघाट : उपमण्डल स्तर पर हर्षोल्लास से मना राष्ट्रीय मतदाता दिवस

सरकाघाट
16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उपमण्डल स्तरीय समारोह एसडीएम एवं निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी राजेन्द्र कुमार गौतम की अध्यक्षता में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवसर को राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस बार 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने ”माई इंडिया, माई वोट-सिटीजन एट द हर्ट ऑफ इंडियन डेमोक्रेसी” थीम निर्धारित किया है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए राजेन्द्र कुमार गौतम ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हर नागरिक को अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाना चाहिए तथा हर निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि नए पात्र युवाओं की सुविधा के लिए भारत निर्वाचन आयोग अब साल में चार बार मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण करवा रहा है। इसकी अहर्क तिथियां एक जनवरी, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्तूबर निर्धारित की गई हैं। यानि इन चार तिथियों को 18 वर्ष की आयु पूरी करने पर युवा अपने नाम मतदाता सूचियों में पंजीकृत करवा सकते हैं।

इस अवसर उन्होंने उपस्थित लोगों को हर निर्वाचन में स्वतंत्र रूप से, निर्भीक होकर और किसी भी तरह के प्रलोभन में आए बगैर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ भी दिलाई तथा नए युवा मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र प्रदान किए।

उन्होंने अन्य अतिथियों, युवा मतदाताओं और प्रतिभागी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस मौके पर निर्वाचन विभाग से नेहा राठौर, दीपक कुमार, विभिन्न बूथ के बीएलओ सहित युवा मतदाता शामिल रहे।

Share the news