
मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल के तहत पुलिस थाना हटली क्षेत्र के जमनौंण गांव में पति-पत्नी के बीच हुई मामूली बहस ने गंभीर रूप ले लिया। गुस्से में पत्नी ने अपने पति पर खौलता हुआ दूध फेंक दिया, जिससे वह झुलस गया।
पुलिस के अनुसार धर्मपाल (32) निवासी गांव जमनौंण ने शिकायत दर्ज कराई है कि बुधवार रात करीब 8 बजे रसोई में किसी बात को लेकर उसकी पत्नी नीना कुमारी के साथ कहासुनी हो गई। इसी दौरान आवेश में आकर पत्नी ने चूल्हे पर उबल रहा दूध उस पर फेंक दिया।
घटना में धर्मपाल झुलस गया। पुलिस थाना हटली में आरोपी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि की है।





