
खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन
13 मार्च 2023

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर नैना देवी विधानसभा क्षेत्र की जनता को गुमराह कर रहे हैं। यह बात भाजपा विधायक एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने सर्किट हाउस बिलासपुर में कही।
उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री यदि जनता के इतने ही हितैषी हैं, तो वर्तमान सरकार की ओर से क्षेत्र में डिनोटिफाई किए गए संस्थानों को बहाल करने को लेकर आवाज उठाएं। रणधीर शर्मा ने कहा कि जनता की डिमांड के अनुसार ही पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह संस्थान खोले गए थे, लेकिन कांग्रेस सरकार ने आम जनता के हितों की अनदेखी करते हुए इन्हें डिनोटिफाई कर दिया है।
वहीं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रामलाल ठाकुर सरकार के इस जनविरोधी निर्णय की सराहना कर रहे हैं और जनता में हंसी का पात्र बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता ने पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्वारघाट के लिए कॉलेज की डिमांड तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से की थी, लेकिन उनकी इस डिमांड को पूरा नहीं किया गया।
वहीं भाजपा सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के समक्ष यह मांग रखी गई और भाजपा सरकार में स्वारघाट में कॉलेज खोला गया था, जिसे कांग्रेस सरकार ने बंद कर दिया। इस कॉलेज में महज 2 दिनों में 29 छात्रों का दाखिला हो चुका था। बावजूद इसके कॉलेज को डिनोटिफाई कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार की ओर से इन संस्थानों को बहाल करने को लेकर जल्द ही उचित कदम नहीं उठाए गए तो भाजपा की ओर से उग्र आंदोलन किया जाएगा। वहीं यदि आवश्यकता हुई तो कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा।





