सिरमौर के शिलाई में 307 पेड़ों के अवैध कटान पर ABVP कुल्लू का धरना, निष्पक्ष जांच की मांग

सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में 307 पेड़ों के कथित अवैध कटान के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) कुल्लू इकाई ने मंगलवार को महाविद्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया।

इकाई मंत्री संजना ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर सरकार पर्यावरण संरक्षण की बात करती है, जबकि दूसरी ओर प्रदेश में लगातार वृक्षों की कटाई बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि यह मामला केवल शिलाई तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे प्रदेश में यही स्थिति देखने को मिल रही है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बिजली महादेव रोपवे परियोजना के दौरान हुए पेड़ों के कटान का भी जिक्र किया और कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर विकास स्वीकार नहीं किया जा सकता।

ABVP ने शिलाई में हुए पेड़ कटान मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही। संजना ठाकुर ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रदेश सरकार की होगी।

कुल्लू ब्यूरो रिपोर्ट: सुशांत शर्मा

Share the news