सीएम सुक्खू बोले- ला मां, हाथ देखता हूं, जवाब सुन लगे ठहाके, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शुक्रवार शाम अपने पैतृक घर भवड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने करीब एक घंटे तक परिवार के साथ समय बिताया और मां से बातचीत की। ऊना दौरे के बाद मुख्यमंत्री कांगड़ा के लुथान स्थित निर्माणाधीन सुख आश्रय परिसर का निरीक्षण करने के बाद शाम को घर लौटे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री और उनकी मां संसार देई के बीच हुई हल्की-फुल्की बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मुख्यमंत्री अपनी मां का हाथ पकड़ते हुए पूछते हैं, ‘आपकी कितनी उम्र हो गई।’ इस पर मां मुस्कराते हुए जवाब देती हैं, ‘किसे पता है कितनी उम्र हो गई… 85 से तो ऊपर हो ही गई होंगी।’
इसके बाद मुख्यमंत्री मजाक में कहते हैं, ‘ला मां, मैं हाथ देखता हूं।’ इस पर मां तुरंत चुटकी लेते हुए कहती हैं कि तुम क्या कोई बुजरु हो, जो हाथ देखोगे? इतना सुनते ही कमरे में मौजूद सभी लोग ठहाके लगाने लगते हैं। मां-बेटे की यह सहज और हास्य से भरी बातचीत सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हो रही है। स्थानीय बोली में बुजुरु उस व्यक्ति को कहा जाता है जो गांव-गांव जाकर लोगों का हाथ देखकर भविष्य बताने का दावा करता है। मां से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सेरा विश्राम गुड़ी के लिए रवाना हो गए और यहां देर शाम तक उन्होंने जन समस्याएं सुनीं।

Share the news