सुंदरनगर : एसडीएम अमर नेगी ने दिलाई नशा मुक्त समाज की शपथ

सुंदरनगर,
एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी ने नशा उन्मूलन अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत कलौहड़ में आयोजित विशेष ग्राम सभा के दौरान स्थानीय लोगों को नशा मुक्त समाज की शपथ दिलाई तथा उनसे संवाद भी किया।
इस अवसर पर एसडीएम अमर नेगी ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि इन विशेष ग्राम सभाओं का उद्देश्य चिट्टा सहित अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि समाज में नशे के विरुद्ध जनचेतना को सशक्त करना समय की आवश्यकता है, विशेष रूप से युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
उन्होंने जानकारी दी कि आज विकास खंड सुंदरनगर की ग्राम पंचायत बीणा, सलवाना, समौण, बरतो, चुरड़, जडोल, भनवाड़, मलोह, बोबर, कलौहड़, खिलड़ा, पौड़ाकोठी, कपाही, सेरीकोठी एवं नालग पंचायतों में नशा उन्मूलन अभियान के तहत यह विशेष ग्राम सभाएं आयोजित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान एनडीआरएफ एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा नशीले पदार्थों के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी प्रदान करते हुए बचाव एवं राहत उपायों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया गया।
इसके अतिरिक्त अधिकारियों द्वारा नशे की लत से ग्रस्त व्यक्तियों के उपचार एवं पुनर्वास हेतु राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं पहलों की जानकारी साझा की गई, ताकि प्रभावित व्यक्ति एवं उनके परिजन समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें।
इन ग्राम सभाओं में निर्वाचित पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत क्षेत्र के वयस्क सदस्य, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, नशा निवारण समितियों के सदस्य तथा सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share the news