
सुंदरनगर: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुंदरनगर पुलिस को सोमवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फोरलेन स्थित अलसू चौक पर नाका लगाकर 134 ग्राम चिट्टा बरामद करते हुए दो स्थानीय सप्लायरों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे मुख्य आरक्षी हंस राज की अगुवाई में पुलिस टीम अलसू चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चंडीगढ़ की ओर से आ रही एक कार को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर वाहन से 134 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ छींदु निवासी खुरहाल तहसील सुंदरनगर तथा रिंकू निवासी खुरहाल तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुरेंद्र कुमार उर्फ छींदु के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत 6 मामले दर्ज हैं, जबकि रिंकू पर भी एक मामला पहले से लंबित है। पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपी सुंदरनगर और आसपास के क्षेत्रों में चिट्टे की सप्लाई करते थे तथा आगे वितरण के लिए पैडलर भी रखे हुए थे। इनकी गिरफ्तारी से पुलिस को बाहरी सरगना तक पहुंचने में मदद मिलने की संभावना है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस के रडार पर थे।
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा उनसे गहन पूछताछ जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है।





