
सोलन।
पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए NDPS एक्ट के तहत दर्ज मामले में लंबे समय से फरार चल रहे भगोड़े आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष कुमार उर्फ रिंकू (27) पुत्र भीम सिंह, निवासी गांव लावनधार, डाकखाना मंझोली, तहसील कुपवी, जिला शिमला (हि.प्र.) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में गांव डमरोग, तहसील व जिला सोलन में रह रहा था।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 20 अगस्त 2019 को पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने आरोपी को 18.82 ग्राम चिट्टा/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना सदर सोलन में अभियोग संख्या 172/2019 दिनांक 20-08-2019, धारा 21 NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के उपरांत आरोपी के विरुद्ध आरोपपत्र माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था।
आरोपी जमानत मुचलके पर रिहा था, लेकिन मामले के ट्रायल के दौरान न्यायालय द्वारा बार-बार पेश होने के आदेशों के बावजूद वह लगातार अनुपस्थित रहा। परिणामस्वरूप माननीय न्यायालय द्वारा दिनांक 03 मार्च 2025 को उसे भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया था।
भगोड़े आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस थाना सदर सोलन की टीम लगातार प्रयास कर रही थी। आरोपी पुलिस से बचने के लिए बार-बार अपने ठिकाने बदल रहा था, लेकिन गुप्त सूचना और सतत निगरानी के आधार पर पुलिस ने उसे दिनांक 03 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को आज दिनांक 04 फरवरी 2026 को माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध थाना सदर सोलन में चोरी के दो मामले दर्ज पाए गए हैं, जिनमें उसने दो कारें चोरी की थीं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 30 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है।





