हमीरपुर के रंगस क्षेत्र में जलशक्ति विभाग कुनाह खड्ड पर दो अलग-अलग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट किए जाएंगे स्थापित

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

4 मार्च 2023

हमीरपुर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। डायरिया ग्रसित रंगस क्षेत्र में जलशक्ति विभाग कुनाह खड्ड पर दो अलग-अलग वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित करने जा रहा है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित होने के बाद करीब 54 गांव के लोगों को साफ-सुथरा पेयजल उपलब्ध होगा। इस कड़ी में जलशक्ति विभाग ने 70 लाख रुपये की लागत से बनने वाले वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की तकनीकी और फाइनांशियल निविदा की औपचारिकता पूरी कर टेंडर आवंटित कर दिया है।

अगले सप्ताह इस वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। संबंधित ठेकेदार को छह माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा करना पड़ेगा जबकि रंगस क्षेत्र में ही कुनाह खड्ड के दूसरे छोर पर 1.10 करोड़ रुपये की लागत से एक अन्य वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी स्थापित होगा। प्रदेश सरकार से इसके लिए बजट की स्वीकृति मिल चुकी है। छह मार्च को दूसरे वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की तकनीकी टेंडर खुलेगा। तकनीकी निविदा में सफल रहने के बाद वित्तीय निविदा की औपचारिकता पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने जलशक्ति विभाग को इन दोनों वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के कार्य जल्द पूरे करने के निर्देश दिए हैं। बीते माह रंगस क्षेत्र में दूषित पेयजल के सेवन से 1009 लोग डायरिया की चपेट में आए थे। खड्ड में पानी का स्तर बहुत नीचे जाना, परकुलेशन वेल का काम न करने और खड्ड में हो रहे अवैध खनन को दूषित पानी का कारण बताया गया था। भविष्य में डायरिया जैसी समस्या पेश न आए, इसलिए अब विभाग की ओर से उचित कदम उठाए जा रहे हैं।
उधर, जलशक्ति विभाग हमीरपुर के अधीक्षण अभियंता ई. नीरज भोगल ने कहा कि कुनाह खड्ड पर दो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। एक वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का टेंडर आवंटित कर दिया गया है। जबकि दूसरे की औपचारिकताएं जल्द पूरी करवाई जा रही हैं। ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिले।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news