# हरिपुरधार कालेज को मिले अंग्रेजी # इतिहास व भौतिक विज्ञान के प्रोफेसर|

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

6 जुलाई 2023

Haripurdhar- The Unfathomed Himalayan Jewel - Tripoto
हरिपुरधार (सिरमौर)। सरकार ने डिग्री कॉलेज हरिपुरधार में तीन प्रोफेसरों की नियुक्ति कर दी है।

लंबे समय से कॉलेज में खाली चल रहे पदों को भरने के लिए अभिभावक-शिक्षक संघ ( पीटीए) और क्षेत्र के लोगों ने सरकार का आभार जताया है।
सरकार में हरिपुरधार कॉलेज में अंग्रेजी, इतिहास और भौतिक विज्ञान पदों पर तीन प्रोफेसरों की नियुक्ति की है। कॉलेज में हिंदी व राजनीतिक शास्त्र के खाली पदों पर भी सरकार जल्द प्रोफेसरों की नियुक्ति कर सकती है। हालांकि कॉलेज में कॉमर्स का पद भी लंबे समय से खाली पड़ा है। फिलहाल इस पद पर कोई नियुक्ति नहीं हुई है।

अभिभावक-शिक्षक संघ ने सरकार से मांग की है कि इस प्रमुख विषय के पद को भी शीघ्र्र भरा जाए।

शैक्षणिक सत्र 2023-24 के लिए प्रथम वर्ष की प्रवेश प्रक्रिया 30 जून से आरंभ हो चुकी है। विद्यार्थियों ने कॉलेजों में दाखिले लेने शुरू कर दिए हैं। मंगलवार तक हरिपुरधार में 20 और नौहराधार में 14 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया। मौजूदा समय में हरिपुरधार कॉलेज में छात्रों की संख्या 170 से अधिक है।

लंबे समय बाद कॉलेज में खाली पदों के भरे जाने से अभिभावक खुश हैं। साथ ही इस बात की चिंता भी है कि दूरदराज के इस क्षेत्र में ज्वॉइन करने से पहले ही कई शिक्षक अपनी एड्जेस्टमेंट अपने पसंदीदा स्थानों पर करवा देते हैं।

हरिपुरधार कॉलेज के अभिभावक-शिक्षक संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान पहले भी सरकार ने कई बार खाली पदों को भरने के प्रयास किए हैं लेकिन यहां पर 90 फीसदी शिक्षकों ने ज्वॉइन ही नहीं किया।

नतीजतन कॉलेज के आधे से ज्यादा पद पिछले लंबे अरसे से खाली ही चल रहे हैं, जिसका बच्चों को खामियाजा भुगतना पड़ रहा है। अभिभावकों ने सरकार से मांग की है कि ज्वाइनिंग से पहले ही एड्जेस्टमेंट करवाने वाले शिक्षकों पर नकेल कसी जाए।

खबर अभी अभी ब्यूरो सोलन

Share the news