
#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*
6 जुलाई 2024

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्र के लिए सर्वस्व बलिदान करने वाले जांबाजों का सम्मान किया है। उन्होंने रक्षा अलंकरण समारोह (चरण-1) में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य व केंद्र शासित प्रदेश के पुलिसकर्मियों को 10 कीर्ति चक्र (सात मरणोपरांत) और 26 शौर्य चक्र (सात मरणोपरांत) प्रदान किए। हिमाचल के शिमला जिले के कुपवी क्षेत्र के सेना में राइफलमैन कुलभूषण मांटा को मरणोपरांत शौर्य चक्र दिया गया। यह सम्मान उनकी मां और पत्नी नीतू ने प्राप्त किया।
मांटा जम्मू-कश्मीर के बारामूला में आतंकी मुठभेड़ में बलिदान हो गए थे। राष्ट्रपति भवन में शुक्रवार को आयोजित समारोह में यह पुरस्कार इन कर्मियों को विशिष्ट वीरता, अदम्य साहस और कर्तव्य के प्रति असाधारण प्रदर्शन के लिए प्रदान किए गए हैं। इस अवसर पर उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई और मंत्री मौजूद थे। जिन सैनिकों-जवानों को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया गया, उनके परिजनों ने यह सम्मान प्राप्त किया। सम्मान प्रदान करने के दौरान उनकी शौर्य गाथा सुनाई गई।





