हिमाचल के तीन जिलों में हीट वेव का अलर्ट, जानिए अपने यहां का हाल

शिमला/कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में मार्च माह में ही तपिश बढऩे लगी है। मौसम में आए इस बदलाव से मैदानों के साथ अब पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्मी चुभने लगी है। राज्य में सुबह और शाम के समय भी मौसम में ठंडक कम हो गई है। लगातार साफ मौसम और तेज धूप के चलते दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग ने मार्च महीने में तीन जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार सात मार्च को कुल्लू, मंडी व सोलन जिला के लिए हीटवेव का यलो अलर्ट है। वहीं अगले दो-तीन दिनों में राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में नौ मार्च से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे नौ और 10 मार्च को राज्य की ऊंची चोटियों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 11 व 12 मार्च को भी राज्य के मध्य और ऊंचे पहाड़ों पर कुछ जगहों पर हल्की बारिश-बर्फबारी और निचले पहाड़ी-मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार हैं।

यह रहा अधिकतम तापमान

शहर तापमान
शिमला 25.3
सुंदरनगर 32.8
भुंतर 31.8
कल्पा 23.5
धर्मशाला 23.0
ऊना 34.0
नाहन 24.3
सोलन 30.2
मनाली 24.6
कांगड़ा 32.0
मंडी 33.0

Share the news