हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में अगले सप्ताह बीएस-6 सीरीज की 150 बसें होंगी शामिल

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

7 मार्च 2023

हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में अगले सप्ताह बीएस-6 सीरीज की 150 बसें शामिल होने जा रही हैं। ये सभी बसें आधुनिक तकनीक से निर्मित और अंतरराष्ट्रीय मानकों के आधार पर खरीदी गई हैं। टाटा कंपनी के गोवा प्लांट में तैयार ये बसें मालगाड़ी के माध्यम से चंडीगढ़ पहुंचेंगी। चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से इन्हें नालागढ़ पहुंचाया जाएगा। नालागढ़ से ये बसें विभिन्न डिपुओं के लिए भेजी जाएंगी। टाटा कंपनी की 150 बसों में 25 बसें 28 सीटर, जबकि 125 बसें 47 सीटर हैं।

एचआरटीसी का दावा है कि इन बसों में यात्रियों को आरामदायक सफर मिलेगा। कम ईंधन में ज्यादा माइलेज भी मिलेगी। ये बसें आधुनिक सिक्योरिटी फीचर से लेस हैं। इसके चलते यात्रियों को आरामदायक सफर के साथ सुरक्षा भी मिलेगी। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने खुद गोवा जाकर इन बसों की टेस्ट ड्राइव की है। बसों की कीमत 28 से 30 लाख के बीच है। नई बसें आने से प्रदेश के लोगों को खटारा बसों से छुटकारा मिलेगा। प्रदेश में एचआरटीसी की 146 खटारा बसों को इन नई बसों से बदला जाएगा।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news