हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर का पहला परीक्षा परिणाम जारी

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

4 जून 2023

hppsc: First exam result of disbanded hpssc released in paper leak case

पेपर लीक मामले में भंग किए गए हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर का पहला परीक्षा परिणाम जारी हो गया है। मुख्यमंत्री की सख्ती के बाद शनिवार को राज्य लोकसेवा आयोग ने 31 अक्तूबर 2022 को हुई इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) परीक्षा में 22 उम्मीदवार उत्तीर्ण घोषित किए हैं। दो दर्जन भर्ती परीक्षाओं के परिणाम अभी भी लंबित हैं। फरवरी 2023 में सरकार ने हमीरपुर आयोग को भंग किया था। 23 दिसंबर 2022 को आयोग में पेपर लीक का मामला सामने आया था। 26 दिसंबर को सरकार ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए आयोग का कामकाज निलबिंत कर दिया था।

इस मामले में कई अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्यमंत्री ने आयोग को भंग करने के समय लोकसेवा आयोग के माध्यम से लंबित भर्ती परीक्षा परिणाम जारी करने का एलान किया था। मुख्यमंत्री सुक्खू ने लगातार इस मामले की निगरानी की है। लोकसेवा आयोग पर जल्द से जल्द परिणाम जारी करने का दबाव बनाया। इसी कड़ी में शनिवार को लोकसेवा आयोग ने कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर द्वारा इलेक्ट्रीशियन (एमएंडटी) तृतीय श्रेणी (अराजपत्रित) पद के लिए आयोजित लिखित वस्तुनिष्ठ प्रकार की स्क्रीनिंग परीक्षा का परिणाम चयनित उम्मीदवारों की जांच के बाद घोषित कर दिया गया है।

#खबर अभी अभी सोलन ब्यूरो*

Share the news