हिमाचल प्रदेश के कई भागों में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश की गई दर्ज

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

10 अगस्त 2024

Himachal Weather: Heavy rains in many parts, Orange alert for today, know the  forecast for six days

हिमाचल प्रदेश के कई भागों में ऑरेंज अलर्ट के बीच भारी बारिश दर्ज की गई है।  मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज भी राज्य के कई भागों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।  11 से 16 अगस्त तक कुछ स्थानों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार रात को नाहन में 168.3, संधोल 106.4, नगरोटा सूरियां 93.2, धौलाकुआं 67.0, जुब्बरहट्टी 53.2, कंडाघाट 45.6, धर्मशाला 13.0, कांगड़ा 12.6 व नारकंडा में 19.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जिला सिरमौर में शुक्रवार रात को भारी बारिश हुई है। भारी बारिश के चलते जिले के कई स्थानों पर नुकसान के मामले सामने आए हैं। जिला मुख्यालय नाहन में भारी बारिश से गलियों ने नाले का रूप धारण कर लिया। वार्ड नंबर-5 के अमरपुर मोहल्ला में देर रात हुई भारी बारिश लोगों के लिए आफत बनकर आई । यहां बरसात का पानी मलबे के साथ लोगों के घरों समेत दुकानों में घुस गया। इससे भारी नुकसान हुआ है। दहशत में लोग रात भर जागते रहे। मौके पर पहुंची वार्ड की पार्षद मधु अत्री ने बताया कि भारी बरसात से लोगों के घरों में घुसे बरसाती पानी से नुकसान हुआ है। घरों में रखा कीमती सामान व टीवी, फ्रिज, अलमारी, बेड, कपड़े आदि खराब हुए हैं। उधर, ग्राम पंचायत सतीवाला में भी भारी बारिश से लोगों के घरों एवं खेतों में नुकसान की जानकारी सामने आई है। यहां एक फैक्ट्री में भी बरसाती पानी घुस गया

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज कांगड़ा, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर जिले के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। कई भागों में अलर्ट के बीच झमाझम बारिश जारी है। पर्यटकों व स्थानीय लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और शिमला जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा होने की संभावना है। मंडी में भारी बारिश और भूस्खलन से एक घर व चार गोशालाओं को नुकसान हुआ है। जोगिंद्रनगर की बजगर खड्ड में तेज बहाव में बहती हुई बाइक बरामद हुई। इसमें बाइक चालक के बहने की आशंका। कांगड़ा में बारिश से तीन कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए।  दो को नुकसान पहुंचा है।
परवाणू से धर्मपुर तक फोरलेन किया वनवे,  नेशनल हाईवे-707 भी बाधित
कालका-शिमला फोरलेन को जगह-जगह भूस्खलन के चलते परवाणू से धर्मपुर तक वनवे किया गया है।  नेशनल हाईवे-707 भूस्खलन के चलते सतौन से तीन किलोमीटर आगे शिलाई की और बाधित है। लोग परेशान हैं। शिमला-किन्नौर नेशनल हाईवे पर निगुलसरी में ऊपरी पहाड़ी का दरकना जारी है। भूस्खलन से शुक्रवार को 20 घंटे एनएच ठप रहा। इससे हजारों लोग परेशान रहे। वहीं  बड़ा ट्राला पलटने व नौ मील के पास भूस्खलन होने से चंडीगढ़-मंडी नेशनल हाईवे 13 घंटे बंद रहा। रात भर लोग गाड़ियों में ही फंसे रहे। शुक्रवार सुबह एनएच एकतरफा बहाल किया गया। आनी-कुल्लू एनएच आनी के पास बंद है।
Share the news