हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मांझी खड्ड पर कंकरीट का पुल डालकर गगल एयरपोर्ट का किया जाएगा विस्तार

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

18 जनवरी 2023

 

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में मांझी खड्ड पर कंकरीट का पुल डालकर गगल एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। एयरपोर्ट के विस्तार को लेकर भारतीय विमानन प्राधिकरण केंद्रीय जल और विद्युत अनुसंधान केंद्र  पुणे की टीम ने हरी झंडी दे दी है। वर्तमान में गगल एयरपोर्ट का रनवे 1,330 मीटर है। पहले चरण में रनवे को 1,900 मीटर किया जाएगा। दूसरे चरण में रनवे की लंबाई 3,010 मीटर की जाएगी।

विस्तारीकरण के बाद यहां 320 सीटर जहाज उतर पाएगा, जिससे दिल्ली से कांगड़ा के हवाई सफर का किराया आधा होने की संभावना रहेगी। बीते नवंबर में सीडब्ल्यूपीआरएस पुणे की टीम गगल एयरपोर्ट विस्तारीकरण की संभावनाएं तलाशने के लिए कांगड़ा पहुंची थी। इस दौरान टीम ने गगल एयरपोर्ट सहित साथ लगते क्षेत्रों, खड्डों और नालों का निरीक्षण किया था।  टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया था कि मांझी खड्ड सहित अन्य नालों का तटीकरण कर यहां पर एयरपोर्ट का विस्तार किया जा सकता है।

अब टीम रिपोर्ट तैयार करेगी और सारा डाटा उपलब्ध होने के बाद अन्य प्रक्रियाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान ने बताया कि पुणे की टीम ने गगल एयरपोर्ट के विस्तारीकरण को हरी झंडी दे दी है। अब टीम जल्द ही अन्य प्रक्रियाओं की रिपोर्ट तैयार करेगी।

#खबर अभी अभी शिमला ब्यूरो*

Share the news